कभी-कभी पाठक की प्रतिक्रिया में कोई ऐसा विचार या कहानी की कोई ऐसी पंक्ति सामने आती है, जो लेखक को भी अपनी ही कहानी पर नए सिरे से सोचने के लिए प्रेरित करती है। मेरे नवीनतम कहानी-संग्रह अपने हिस्से का आसमान की कहानी ‘वोटर समझदार है’ पर एक पाठक, ने अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया साझा की है। जब पाठक किसी कहानी से इस तरह जुड़ता है, तो लेखक की मेहनत सार्थक हो जाती है।  

“कल रात कहानी ‘ वोटर समझदार है’ पढ़ी।

यह ‘एक अत्यंत प्रभावशाली, विचारोत्तेजक और यथार्थपरक कहानी लगी जो भारतीय लोकतंत्र की जमीनी सच्चाइयों और चुनावी राजनीति की जटिलताओं को बेहद सहजता से उजागर करती है।

इस कहानी ने मुझे भी सोचने के लिए मजबूर किया कि क्या वास्तव में सड़कें और अस्पताल ही विकास के असली चुनावी मुद्दे हैं, या फिर सामाजिक सम्मान, समानता और बिना किसी भय के सिर उठाकर चल पाने का अधिकार भी किसी के लिए विकास का उतना ही महत्वपूर्ण पैमाना हो सकता है?

कहानी का एक संवाद विशेष रूप से दिल को छू गया—
“छोटे शहरों में सत्ता में बैठे लोगों से पहचान होना भी बहुत जरूरी है। मुसीबत के समय विचारधारा फोन नहीं उठाती।”

इस एक वाक्य में आपने लोकतंत्र की एक ऐसी जमीनी सच्चाई उजागर की है, जिसे हम अक्सर जानते तो हैं, लेकिन स्वीकार करने से बचते हैं। यह संवाद वास्तव में बेहद प्रभावशाली है और लंबे समय तक सोचने पर मजबूर करता है।
कहानी का अंत भी बहुत सार्थक है। जो बताता है कि हर मतदाता का अपना अनुभव, अपनी प्राथमिकताएँ और अपनी परिस्थितियाँ होती हैं। उसके मतदान के निर्णय को केवल जाति, विचारधारा या विकास के किसी एक पैमाने से नहीं समझा जा सकता।
सरल भाषा, जीवंत संवाद और गहरे सामाजिक सरोकारों के माध्यम से आपने एक गंभीर विषय को जिस रोचकता और संवेदनशीलता से प्रस्तुत किया है, वह सराहनीय है।

एक सार्थक, संवेदनशील और सोचने पर मजबूर करने वाली कहानी के लिए आपको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

मेरी कहानी को इतनी संवेदनशीलता और विचारशीलता के साथ पढ़ने और अपनी प्रतिक्रिया साझा करने के लिए वंदना जी का हार्दिक आभार। 


Leave a Reply